बेतुल

बैतूल ग्राहक अधिकारों को लेकर दामजीपूरा में ग्राहक संगोष्ठी आयोजित

मिलावटी सामान, अधिक मूल्य वसूली और नाप-तौल में गड़बड़ी से बचने के बताए उपाय

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
बैतूल। अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत बैतूल द्वारा चलाए जा रहे राष्ट्रीय सदस्यता अभियान के अंतर्गत भैंसदेही क्षेत्र के ग्राम दामजीपूरा स्थित पंचायत भवन के सभागार में ग्राहक संगोष्ठी आयोजित की गई। अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के भीमपुर तहसील प्रभारी रूप सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में आयोजित संगोष्ठी में ग्रामीणों से खरीदारी में समझदारी, ग्राहकों के साथ होने वाली धोखाधड़ी और उपभोक्ता अधिकारों से जुड़े विषयों पर संवाद किया गया।
बैठक में खरीदारी के दौरान उपभोक्ताओं के अधिकारों और बाजार में होने वाली ठगी से बचने के विभिन्न उपायों की जानकारी दी गई। मिलावटी सामान की पहचान, निर्धारित कीमत से अधिक मूल्य वसूली, नाप-तौल में गड़बड़ी सहित अन्य समस्याओं को लेकर भी ग्राहकों से चर्चा की गई। महिलाओं को सामान खरीदते समय पैकेट पर अंकित अधिकतम खुदरा मूल्य, वजन, गुणवत्ता, उत्पादन तिथि और अंतिम उपयोग तिथि की जांच करने की सलाह दी गई। साथ ही, घरेलू स्तर पर खाद्य एवं अन्य वस्तुओं की गुणवत्ता की प्रारंभिक जांच के कुछ उपाय भी बताए गए।
ग्राहकों को बाजार में होने वाली विभिन्न प्रकार की ठगी से सतर्क रहने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया गया। संगोष्ठी में मध्य भारत प्रांत के विधि आयाम के प्रांत प्रमुख एवं बैतूल जिला प्रभारी हरीश बारी एडवोकेट, भोपाल, जिला अध्यक्ष ठाकुर जगदीश सिंह राघव और जिला सचिव आरती दीक्षित सहित ग्रामीण उपस्थित रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button