जामताड़ा
करमाटांड में भारत सरकार के अतिरिक्त महानिदेशक अभिनव गुप्ता ने पंडित ईश्वर चंद्र विद्यासागर की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने की कही बात

बालिका शिक्षा, आदिवासी एवं वंचित वर्गों के उत्थान में पंडित विद्यासागर के योगदान को बताया अद्भुत और अनुकरणीय; पीएम श्री विद्यालय का किया निरीक्षण
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
जामताड़ा : महान समाज सुधारक एवं शिक्षाविद् पंडित ईश्वर चंद्र विद्यासागर की ऐतिहासिक कर्मभूमि कर्माटांड़ स्थित नंदन कानन में भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के विदेश व्यापार महानिदेशालय के अतिरिक्त महानिदेशक अभिनव गुप्ता ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान उन्होंने पंडित विद्यासागर के जीवन, शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान और समाज सुधार के ऐतिहासिक कार्यों को याद करते हुए उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने की बात कही।
अभिनव गुप्ता ने कहा कि पंडित ईश्वर चंद्र विद्यासागर का संपूर्ण जीवन प्रेरणा का स्रोत है। उनकी कर्मस्थली पर पहुंचकर वे स्वयं को सौभाग्यशाली मानते हैं। उन्होंने कहा कि पंडित विद्यासागर ने बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के साथ-साथ आदिवासियों, गरीबों और पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए अपना जीवन समर्पित किया। पश्चिम बंगाल की सीमा से लगे इस क्षेत्र को उन्होंने अपनी कर्मभूमि बनाया और यहां के लोगों की सेवा की। उनका योगदान अद्भुत, विशाल और अनुकरणीय है।
उन्होंने कहा कि पंडित विद्यासागर ने विद्यालयों की स्थापना कर बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित किया और समाज में शिक्षा की अलख जगाई। इसके साथ ही उन्होंने आदिवासी समुदाय के लोगों की होम्योपैथिक चिकित्सा के माध्यम से भी सेवा की। उनकी कर्मस्थली से जुड़ी ऐतिहासिक वस्तुओं और स्थलों को देखकर उन्हें गहरी प्रेरणा मिली। उन्होंने कहा कि शिक्षा, समाज सेवा, समानता और मानवीय मूल्यों के प्रति पंडित विद्यासागर का समर्पण आज भी समाज और नई पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक है।
झारखंड शिक्षा परियोजना, जामताड़ा द्वारा जारी आधिकारिक भ्रमण कार्यक्रम के तहत अभिनव गुप्ता इन दिनों जामताड़ा जिले के दो दिवसीय दौरे पर हैं। इस क्रम में उन्होंने उत्क्रमित उच्च विद्यालय पट्टाजोरी का निरीक्षण किया और विद्यालय की शैक्षणिक एवं आधारभूत व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय की आधारभूत संरचना, खेलकूद संबंधी सुविधाओं, सांस्कृतिक गतिविधियों, प्रयोगशाला तथा अन्य शैक्षणिक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने बाल संसद के सदस्यों से बातचीत कर विद्यालय की गतिविधियों एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली। साथ ही छात्र-छात्राओं से संवाद स्थापित कर उनकी पढ़ाई, रुचियों और भविष्य की आकांक्षाओं के बारे में जाना। जिले के दौरे के दौरान वे पीएम श्री विद्यालयों का निरीक्षण कर शैक्षणिक व्यवस्था, उपलब्ध सुविधाओं और विभिन्न गतिविधियों की समीक्षा कर रहे हैं।
इस अवसर पर जामताड़ा के जिला शिक्षा पदाधिकारी चार्ल्स हेम्ब्रम, विद्यासागर स्मृति रक्षा समिति के सचिव चंदन मुखर्जी, क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारी सर्किल मरांडी, एपीओ मनोज कुमार, लेखापाल अनिल कुमार, सीआरपी राजेश कुमार गुप्ता, विनय कुमार भैय्या, शिक्षक विद्या सागर मुख्य रूप से उपस्थित थे।




