साहेबगंज
साहिबगंज में जनगणना-2027के दूसरे चरण के लिए जिला स्तरीय पदाधिकारियों का दो दिवसीय प्रशिक्षण शुरू

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
साहिबगंज भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनसंख्या गणना कार्यों को सुचारू,व्यवस्थित और त्रुटिरहित ढंग से संपादित कराने के उद्देश्य से जिला स्तरीय जनगणना पदाधिकारियों का दो दिवसीय प्रशिक्षण सोमवार को जिला पंचायती राज कार्यालय सभागार में शुरू हुआ।प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य जनगणना के द्वितीय चरण से संबंधित प्रक्रियाओं,तकनीकी पहलुओं और निर्धारित कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी देना है,ताकि कोई भी व्यक्ति गणना से वंचित न रहे और प्रत्येक स्तर पर कार्य का सटीक व प्रभावी निष्पादन सुनिश्चित हो सके।प्रशिक्षण के दौरान सीएमएमएस पोर्टल के उपयोग,मैपिंग प्रक्रिया, जनगणना संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देशों तथा विभिन्न स्तरों पर पदाधिकारियों के बीच आपसी समन्वय स्थापित कर कार्यों को समयबद्ध तरीके से संपादित करने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।साथ ही निर्धारित मानकों का पालन करते हुए सभी प्रक्रियाओं को सावधानीपूर्वक पूरा करने पर जोर दिया गया।जनगणना कार्य निदेशालय, झारखंड की ओर से प्रशिक्षक के रूप में सहायक निदेशक राम भास्कर द्विवेदी और सांख्यिकी अन्वेषक वीरेंद्र कुमार गुप्ता उपस्थित रहे।उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को जनगणना के द्वितीय चरण से संबंधित तकनीकी और व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी।इस अवसर पर अपर समाहर्ता-सह-नोडल पदाधिकारी जिला जनगणना कोषांग विजय कुमार,जिला सांख्यिकी पदाधिकारी सह अपर जिला जनगणना पदाधिकारी अनिल कुमार,जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी सह उप जिला जनगणना पदाधिकारी उमेश कुमार सहित सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी सह चार्ज पदाधिकारी,सभी कार्यपालक पदाधिकारी सह चार्ज पदाधिकारी और सभी सहायक चार्ज पदाधिकारी उपस्थित रहे।



