साहेबगंज
अवैध खनन पर सख्ती,उपायुक्त ने जिला टास्क फोर्स की बैठक में दिए कड़े निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
साहिबगंज जिले के समाहरणालय सभागार में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स खनन की बैठक आयोजित की गई।बैठक में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह और वन प्रमंडल पदाधिकारी प्रबल गर्ग उपस्थित रहे।बैठक में जिले में अवैध खनन,खनिजों के अवैध भंडारण एवं परिवहन पर रोक लगाने तथा वैध खनन गतिविधियों की निगरानी को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।उपायुक्त ने जिले में संचालित सभी चेकनाकों का नियमित और औचक निरीक्षण करने का निर्देश दिया।उन्होंने कहा कि चेकनाकों पर संधारित पंजियों, सीसीटीवी कैमरों,दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति, वाहनों की संख्या, खनिजों के प्रकार तथा वाहनों के कागजात और चालानों की जांच सुनिश्चित की जाए।आगे अनियमितता मिलने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी।निरीक्षण के दौरान कई जगह सीसीटीवी कैमरे खराब पाए जाने पर उपायुक्त ने तत्काल मरम्मत कराकर उन्हें क्रियाशील करने का निर्देश दिया।प्रवर्तन कार्यों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सभी अंचल अधिकारियों को विशेष गहन पुनरीक्षण SIR-2026 में व्यस्तता के बावजूद प्रवर्तन गतिविधियों को जारी रखने और नियमित रिपोर्ट देने को कहा।बालू के अवैध उत्खनन, भंडारण और परिवहन पर रोक लगाने के लिए सभी बालू घाटों का नियमित निरीक्षण करने और नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।इसके अलावा अवैध क्रशर,चिमनी,मिट्टी कटाव और बालू से जुड़े मामलों में नियमित निरीक्षण और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। अवैध खनन पट्टा क्षेत्रों में निर्धारित सीमा से अधिक खनन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई और नियमानुसार ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया अपनाने का निर्देश दिया गया।वही उपायुक्त ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जलस्तर घटने के बाद अवैध मिट्टी कटाव की आशंका को देखते हुए विशेष निगरानी रखने और तत्काल कार्रवाई करने पर जोर दिया।सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों,थाना प्रभारियों और संबंधित अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में अवैध खनन के विरुद्ध प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।इस बैठक में परियोजना निदेशक आईटीडीए संजय कुमार दास, अनुमंडल पदाधिकारी साहिबगंज अमर जॉन आइंद,अनुमंडल पदाधिकारी राजमहल सदानंद महतो सहित सभी प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी और सभी थाना प्रभारी उपस्थित थे।



