गोड्डा

जंगल का काला खेल: मासूम हाथों से चल रहा लकड़ी माफिया का साम्राज्य

कुशबिल्ला गांव में नाबालिगों से ढुलवाई जा रही अवैध लकड़ी, जिम्मेदारों की चुप्पी पर उठे सवाल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
राजाभीठा :  थाना क्षेत्र के कुशबिल्ला गांव से एक बेहद चिंताजनक और झकझोर देने वाली तस्वीर सामने आई है। यहां दिन के उजाले में ही जंगलों से अवैध लकड़ी कटाई और ढुलाई का खेल खुलेआम जारी है। हैरानी की बात यह है कि इस अवैध कारोबार में नाबालिग बच्चों का इस्तेमाल किया जा रहा है। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, इस पूरे मामले में गोपाल यादव नामक व्यक्ति पर आरोप है कि वह छोटे-छोटे बच्चों से जुगाड़ गाड़ी चलवाकर जंगल से लकड़ी ढुलवाने का काम करवा रहा है। जिन हाथों में किताबें और कलम होनी चाहिए, वे आज जोखिम भरे काम में लगाए जा रहे हैं।नग्रामीणों का कहना है कि यह अवैध धंधा कोई नई बात नहीं है, बल्कि वर्षों से चलता आ रहा है। लोगों का आरोप है कि जंगल की निगरानी से जुड़े जिम्मेदार अधिकारी भी इस पूरे मामले में चुप्पी साधे हुए हैं, जिससे इस कारोबार को अप्रत्यक्ष रूप से बढ़ावा मिल रहा है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर किसके संरक्षण में यह काला कारोबार दिनदहाड़े फल-फूल रहा है? जब इस अवैध गतिविधि के लिए रात के अंधेरे की भी जरूरत नहीं पड़ रही, तो साफ है कि कानून का खौफ कहीं नजर नहीं आ रहा। जंगल से निकलती हर गाड़ी और कटते हर पेड़ के साथ प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। यह न सिर्फ पर्यावरण के लिए खतरा है, बल्कि बच्चों के भविष्य के साथ भी बड़ा खिलवाड़ है। अब देखना यह है कि क्या प्रशासन इस गंभीर मामले में संज्ञान लेकर सख्त कार्रवाई करता है, या फिर मासूम बच्चे यूं ही इस अवैध खेल का हिस्सा बनते रहेंगे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button