जालौन

जबरन लगाए जा रहे स्मार्ट प्रीपेड मीटर के विरोध में सभासद ने विद्युत मंत्री को भेजा ज्ञापन

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
जालौन। नगर के मोहल्ला खटीकान तोपखाना की सभासद रीना देवी ने विद्युत मंत्री, भारत सरकार के नाम एक प्रार्थना पत्र उप-जिलाधिकारी जालौन के माध्यम से भेजा है। पत्र में उन्होंने जनपद जालौन सहित उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में बिना उपभोक्ताओं की सहमति के लगाए जा रहे स्मार्ट प्रीपेड मीटरों का विरोध किया है।
सभासद रीना देवी ने कहा कि विद्युत मंत्री द्वारा सदन में स्पष्ट कहा गया है कि किसी भी उपभोक्ता पर जबरन स्मार्ट या प्रीपेड मीटर नहीं लगाया जा सकता। इसके बावजूद बिजली विभाग द्वारा जनता की इच्छा के विरुद्ध स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाए जा रहे हैं, जिससे गरीब, मजदूर एवं मध्यम वर्ग के लोग भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रीपेड मीटर लगने के बाद उपभोक्ताओं को अधिक बिल आने की शिकायतें मिल रही हैं, जिसके चलते लोगों को बार-बार बिजली विभाग के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। साथ ही, उत्तर प्रदेश की संबंधित वेबसाइट लंबे समय से बंद होने के कारण उपभोक्ता अपने कनेक्शन को पोस्टपेड में परिवर्तित कराने की प्रक्रिया भी पूरी नहीं कर पा रहे हैं।
प्रार्थना पत्र में मांग की गई है कि जनहित में जबरन लगाए जा रहे स्मार्ट प्रीपेड मीटर की प्रक्रिया को तत्काल रोका जाए, उपभोक्ताओं को पोस्टपेड मीटर का विकल्प उपलब्ध कराया जाए, बंद पड़ी वेबसाइट को शीघ्र चालू किया जाए तथा आवश्यक होने पर नए पोस्टपेड मीटर लगाने के आदेश जारी किए जाएं।
सभासद ने उम्मीद जताई है कि सरकार इस गंभीर समस्या पर जल्द ध्यान देकर आम जनता को राहत प्रदान करेगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button