जालौन

डीएम, एसपी ने एट थाने में फरियादियों की सुनी समस्यायें

सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश

 खाली जमीनों पर हरे चारे की बुवाई कराने के कहा 
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
उरई (जालौन)। जनपद में आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से आयोजित थाना समाधान दिवस के तहत जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने एट कोतवाली सभागार में दूर-दराज से पहुंचे फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना। इस दौरान प्रत्येक प्रकरण की बारीकी से समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
थाना समाधान दिवस के दौरान कुल दो शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें एक आवास से संबंधित तथा दूसरी पारिवारिक विवाद की शिकायत शामिल रही। जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने दोनों पक्षों की बात गंभीरता से सुनते हुए मौके पर ही प्रभावी कार्रवाई कर दोनों शिकायतों का निस्तारण करा दिया, जिससे फरियादियों ने राहत महसूस की। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनता की समस्याओं का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं पारदर्शी समाधान सुनिश्चित कराया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। थाना समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी एवं लेखपाल को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा न होने पाए। जहां कहीं भी अवैध कब्जे की स्थिति मिले, वहां तत्काल नोटिस जारी करते हुए पीपी एक्ट के तहत प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सरकारी संपत्तियों की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि खाली पड़ी सरकारी भूमि का सदुपयोग करते हुए वहां गौशालाओं के लिए हरे चारे की बुवाई कराई जाए, जिससे निराश्रित गोवंश के लिए चारे की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित हो सके। पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने कहा कि थाना समाधान दिवस का उद्देश्य आमजन को त्वरित न्याय एवं राहत उपलब्ध कराना है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्व एवं पुलिस विभाग आपसी समन्वय के साथ शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button