अमरोहा
गंगा दशहरा पर्व को लेकर राष्ट्र सेवी संगठन
आर्यावर्त भारत ने जिलाधिकारी अमरोहा को व्हाट्सएप के माध्यम से पत्र भेजकर गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है।
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा में गंगा दशहरा पर्व को लेकर राष्ट्र सेवी संगठन आर्यावर्त भारत के राष्ट्रीय संयोजक कृष्ण कुमार शर्मा ने जिला अधिकारी को व्हाट्सएप पर पत्र लिखा पत्र में उन्होंने कहा कि 24 मई की सायंकाल से 25 मई की सायंकाल तक बड़ी संख्या में श्रद्धालु ब्रजघाट सहित तिगरी, पूठ, पोरारा एवं अन्य गंगा घाटों पर स्नान के लिए पहुंचेंगे। दशहरा की पूर्व संध्या से ही श्रद्धालुओं का आवागमन शुरू हो जाता है, जिसके चलते घाटों पर भारी भीड़ रहने की संभावना बनी रहती है।
कृष्ण कुमार शर्मा ने जिलाधिकारी से मांग करते हुए कहा कि गंगा घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल एवं गोताखोरों की तैनाती की जाए। साथ ही गहरे पानी वाले स्थानों को चिन्हित कर वहां बैरिकेडिंग और चेतावनी संकेत लगाए जाएं, ताकि श्रद्धालु अनजाने में गहरे पानी की ओर न जा सकें और किसी प्रकार की अप्रिय घटना से बचाव हो सके।
उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा समय रहते सुरक्षा एवं निगरानी के पुख्ता इंतजाम किए जाने से गंगा दशहरा पर्व को दुर्घटना मुक्त और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सकता है।


