जालौन

उप्र लेखपाल संघ के चुनाव में योगेश लेखा निरीक्षक पद पर विजयी

 334 मत प्राप्त कर 108 मतों से दर्ज की शानदार जीत, तहसील कालपी में खुशी की लहर

बुंदेलखंड क्षेत्र से पहली बार परिवर्तन टीम के प्रत्याशी ने लेखा निरीक्षक पद पर हासिल की ऐतिहासिक जीत
कालपी (जालौन)। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के चुनाव में तहसील कालपी से परिवर्तन टीम के प्रत्याशी योगेश कुमार यादव ने लेखा निरीक्षक पद पर शानदार जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया। योगेश कुमार यादव को कुल 334 मत प्राप्त हुए तथा उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी को 108 मतों के बड़े अंतर से पराजित कर विजय हासिल की। खास बात यह रही कि बुंदेलखंड क्षेत्र से पहली बार परिवर्तन टीम के प्रत्याशी ने लेखा निरीक्षक पद पर जीत दर्ज कर नया इतिहास बनाया है। इस ऐतिहासिक जीत से लेखपालों एवं समर्थकों में भारी उत्साह देखने को मिला।
चुनाव परिणाम घोषित होते ही तहसील कालपी परिसर में खुशी की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में उपस्थित लेखपालों एवं समर्थकों ने योगेश कुमार यादव को फूल-मालाएं पहनाकर जोरदार स्वागत किया तथा मिठाई खिलाकर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। “योगेश यादव जिंदाबाद” और “परिवर्तन टीम जिंदाबाद” के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। योगेश कुमार यादव पूर्व सैनिक वायु सेना से जुड़े रहे हैं तथा लंबे समय से लेखपाल हितों के लिए सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं। उनकी ईमानदार कार्यशैली, सरल स्वभाव और संगठन के प्रति समर्पण के कारण लेखपाल समाज में उनकी मजबूत पहचान बनी हुई है। चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने लेखपालों की समस्याओं के समाधान, संगठन को मजबूत बनाने तथा कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करने का भरोसा दिलाया था। लेखपालों ने उनके कार्यों एवं विचारों पर विश्वास जताते हुए भारी मतों से उन्हें विजयी बनाया। विजय के बाद योगेश कुमार यादव ने सभी लेखपाल साथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत किसी एक व्यक्ति की नहीं बल्कि पूरे लेखपाल समाज की जीत है। परिवर्तन टीम के पदाधिकारियों एवं समर्थकों ने इस जीत को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि लेखपालों ने परिवर्तन और विकास की सोच पर भरोसा जताया है। बुंदेलखंड क्षेत्र में पहली बार परिवर्तन टीम को मिली इस सफलता से संगठन के कार्यकर्ताओं में नया उत्साह देखने को मिल रहा है। समर्थकों का कहना है कि योगेश कुमार यादव के नेतृत्व में संगठन को नई दिशा और मजबूती मिलेगी। तहसील कालपी के अनेक लेखपालों, कर्मचारियों एवं शुभचिंतकों ने योगेश कुमार यादव को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की। देर शाम तक स्वागत, माल्यार्पण और मिठाई वितरण का सिलसिला चलता रहा। चुनाव में मिली इस बड़ी जीत से परिवर्तन टीम के कार्यकर्ताओं में भी खासा उत्साह दिखाई दिया। लेखपालों का कहना था कि योगेश कुमार यादव हमेशा कर्मचारियों के सुख-दुख में साथ खड़े रहे और उनकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाते रहे हैं।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button