बरेली
कैनविज ग्रुप पर ED की बड़ी कार्रवाई, 800 करोड़ की ठगी में मनी लॉन्ड्रिंग केस दर्ज
गुलाटी समेत 12 को नोटिस

झारखंड-बिहार तक फैला था नेटवर्क, बरेली में 66 केस दर्ज
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली : प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बरेली के चर्चित कैनविज ग्रुप के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। 800 करोड़ रुपये की ठगी के आरोप में मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज कर जांच तेज कर दी गई है। कैनविज ग्रुप के मुख्य संचालक कन्हैया लाल गुलाटी समेत 12 लोगों को ED ने नोटिसभेजकर पूछताछ के लिए तलब किया है।
कैनविज ग्रुप ने निवेशकों को कई गुना ब्याज का लालच देकर करोड़ों रुपये जमा कराए। एजेंटों को महंगे तोहफे देकर नेटवर्क बढ़ाया गया। जब निवेशकों ने पैसा वापस मांगा तो कंपनी के संचालक फरार हो गए। पुलिस में दर्ज FIR के आधार पर ही अब ED ने मनी लॉन्ड्रिंग केस दर्ज किया है। निदेशकों और प्रमोटरों से जल्द पूछताछ होगी। कन्हैया गुलाटी ने बरेली मंडल के साथ झारखंड और बिहार में भी अपना निवेश का जाल फैला रखा था। परिवार और सहयोगियों के साथ मिलकर बड़े मुनाफे का झांसा देकर लोगों से पैसा लिया। रुपये लौटाने की बारी आई तो गुलाटी परिवार समेत फरार हो गया। बरेली पुलिस अभी तक उसे गिरफ्तार नहीं कर पाई है। ED ने कैनविज ग्रुप से जुड़े सभी 12 मुख्य लोगों को नोटिस जारी किया है। बैंक खातों, प्रॉपर्टी और लेन-देन की जांच शुरू हो गई है। मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट के तहत संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई भी हो सकती है।


