जालौन

बुंदेलखंडी अंदाज में होगा खाद्य एवं रसद मंत्री जालौन आगमन पर स्वागत

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
उरई (जालौन)। उत्तर प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय के 5 जून के जालौन दौरे को लेकर जनपद में उत्साह का माहौल है। उनके स्वागत के लिए विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक एवं व्यापारिक संगठनों द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं। कार्यक्रम के संयोजक एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुदामा दीक्षित के नेतृत्व में पूरे शहर को स्वागत संदेशों, होर्डिंग्स और बैनरों से सजाया गया है, जिससे जनपद में एक विशेष उत्सव जैसा वातावरण दिखाई दे रहा है।
प्रधानमंत्री के आह्वान के अनुरूप वाहनों के लंबे काफिलों से परहेज किए जाने के मद्देनजर इस बार स्वागत को पारंपरिक एवं जनसहभागिता आधारित स्वरूप दिया गया है। मंत्री के जनपद आगमन पर गोविन्दम चैराहे से उनकी अगवानी की जाएगी। इसके बाद ई-रिक्शाओं के माध्यम से स्वागत यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें बुंदेलखंड की सांस्कृतिक विरासत और ग्रामीण परंपराओं की झलक देखने को मिलेगी। स्वागत यात्रा में बग्घी, ऊंट, घोड़े एवं बैलगाड़ियों को शामिल किए जाने की तैयारी है। आयोजकों का कहना है कि यह केवल एक स्वागत कार्यक्रम नहीं, बल्कि बुंदेलखंड की लोक संस्कृति, परंपरा और आत्मीयता का प्रदर्शन भी होगा। शहर के प्रमुख मार्गों पर स्वागत द्वार बनाए गए हैं तथा विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा और अभिनंदन की तैयारियां की गई हैं। दौरे का प्रमुख आकर्षण मेडिकल कॉलेज के ऑडिटोरियम में आयोजित होने वाला भव्य नागरिक अभिनंदन समारोह होगा, जहां विभिन्न सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्धजनों एवं नागरिकों द्वारा मंत्री का सम्मान किया जाएगा। मंत्री मनोज पाण्डेय विभागीय योजनाओं का औचक निरीक्षण कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त विकास भवन में अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों की प्रगति, विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन तथा कानून व्यवस्था की समीक्षा करेंगे। अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करने के निर्देश भी दिए जा सकते हैं। दौरे के दौरान मंत्री का पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुदामा दीक्षित के आवास क्षीर सागर पहुंचने का भी कार्यक्रम है। यहां मंत्री कार्यकर्ताओं, शुभचिंतकों एवं स्थानीय गणमान्य लोगों से मुलाकात करेंगे। दौरे के अंत में मंत्री पत्रकारों से भी संवाद करेंगे। प्रस्तावित प्रेस वार्ता में वह सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों, खाद्य एवं रसद विभाग की प्राथमिकताओं तथा जनपद के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखेंगे। कार्यक्रम संयोजक सुदामा दीक्षित ने बताया कि मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय का जालौन से विशेष लगाव रहा है और उनका यह दौरा जनपद के विकास को नई गति देने वाला साबित होगा। उन्होंने कहा कि स्वागत कार्यक्रम को यादगार बनाने के लिए कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों द्वारा कई दिनों से तैयारियां की जा रही हैं। जनपद का प्रत्येक वर्ग अपने मंत्री के स्वागत के लिए उत्साहित है और बुंदेलखंड की परंपरा के अनुरूप उनका आत्मीय अभिनंदन करेगा।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button