संभल में विकास प्राधिकरण गठन की तैयारी तेज जिलाधिकारी ने अधिकारियों से मांगे सुझाव
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
संभल/ बहजोई। जनपद संभल के सुनियोजित शहरी और ग्रामीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार बहजोई में विकास प्राधिकरण के गठन को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया और विकास प्राधिकरण के गठन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।
बैठक में विकास प्राधिकरण से संबंधित अधिकारियों ने प्राधिकरण के गठन की प्रक्रिया, उसके उद्देश्यों तथा संभावित कार्यक्षेत्र के बारे में विस्तार से जानकारी दी। जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों से सुझाव प्राप्त करते हुए कहा कि विकास प्राधिकरण का गठन क्षेत्र के व्यवस्थित और दीर्घकालिक विकास की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण कदम होगा। जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल ने निर्देश दिए कि विकास प्राधिकरण के गठन से पूर्व सभी नगर निकायों से आवश्यक सुझाव प्राप्त किए जाएं। उन्होंने उद्योग विभाग को निर्देशित करते हुए कहा कि प्लेज पार्क तथा औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़े गांवों को भी विकास प्राधिकरण के दायरे में शामिल करने की संभावनाओं पर गंभीरता से विचार किया जाए। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि वर्तमान समय में नगर निकायों के आसपास तेजी से आवासीय प्लाटिंग और अन्य निर्माण कार्य हो रहे हैं। ऐसे क्षेत्रों में सड़क, जल निकासी, पेयजल, विद्युत और अन्य आधारभूत सुविधाओं का समुचित विकास सुनिश्चित करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों के किनारे विकसित होने वाले क्षेत्रों में भी नियोजित विकास की आवश्यकता है, ताकि भविष्य में अव्यवस्थित निर्माण और सुविधाओं की कमी जैसी समस्याएं उत्पन्न न हों। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि विकास प्राधिकरण के गठन से जनपद में योजनाबद्ध विकास को बढ़ावा मिलेगा, अवैध प्लाटिंग पर नियंत्रण स्थापित होगा और नागरिकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को शीघ्र अपने सुझाव एवं प्रस्ताव उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सत्यप्रिय सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह, उप जिलाधिकारी संभल निधि पटेल, उप जिलाधिकारी चन्दौसी नीतू रानी, डिप्टी कलेक्टर आशुतोष तिवारी, डिप्टी कलेक्टर रामानुज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। विकास प्राधिकरण के गठन की पहल को जनपद के भविष्य के विकास के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिससे संभल में सुनियोजित शहरीकरण और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को नई गति मिलने की उम्मीद है।


