बालाघाट

मानसिक रूप से बीमार मां की जमीन हड़पने का आरोप

छोटे बेटे ने बड़े भाई सहित 6 के खिलाफ एसपी से की शिकायत

दानपत्र के जरिए करोड़ों की संपत्ति अपने नाम कराने का आरोप
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बालाघाट(म0प्र0) : जिले के बिरसा क्षेत्र में पारिवारिक विवाद ने एक नया मोड़ ले लिया है। छोटे भाई ने अपने ही बड़े भाई सहित छह लोगों पर मानसिक रूप से बीमार मां की संपत्ति को धोखाधड़ी और साजिश के तहत अपने नाम कराने का आरोप लगाते हुए एसपी से लिखित शिकायत की है।
                 बिरसा निवासी मोहम्मद ओबेश सौदागर ने एसपी को दिए शिकायत पत्र में अपने बड़े भाई मोहम्मद अबरार उर्फ टीपू, जितेंद्र पिता फागूलाल क्षीरसागर (दानपत्र के गवाह), राधेकिशन पिता कंचन सिंह चौहान (दानपत्र के गवाह), मुबीन खान पिता स्व. अब्दुल रब, संबंधित सर्विस प्रोवाइडर उप पंजीयक कार्यालय बैहर सहित महासिंह मसराम उप पंजीयक बैहर के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायतकर्ता के अनुसार, उनके पिता स्वर्गीय मोहम्मद साबीर सौदागर द्वारा जीवनकाल में उनकी मां शमीम अख्तर के नाम ग्राम पीपरटोला में कृषि भूमि क्रय की गई थी।
         शिकायत में बताया गया है कि उनकी मां लंबे समय से मानसिक रोग से ग्रसित हैं और वर्ष 2014 से उनका इलाज चल रहा है। इस स्थिति का फायदा उठाते हुए उनके बड़े भाई ने अपने सहयोगियों—दानपत्र के गवाहों, एक रिश्तेदार तथा उप पंजीयक कार्यालय के कर्मचारियों के साथ मिलकर कथित रूप से साजिश रची।
         आरोप है कि 15 अप्रैल 2026 को उनकी मां को बिना उचित समझ और सहमति के उप पंजीयक कार्यालय बैहर ले जाकर दानपत्र के माध्यम से पूरी संपत्ति बड़े भाई के नाम हस्तांतरित करा दी गई। शिकायतकर्ता का कहना है कि इस प्रक्रिया में नियमों की अनदेखी की गई और एक जिम्मेदार लोक सेवक द्वारा भी बिना जांच-पड़ताल के दस्तावेज पंजीकृत कर दिए गए।
          मोहम्मद ओबेश ने यह भी आरोप लगाया है कि उनका बड़ा भाई आपराधिक प्रवृत्ति का है और पूर्व में भी उसके खिलाफ धोखाधड़ी एवं अन्य मामलों में प्रकरण दर्ज रह चुके हैं। वर्तमान में वह उक्त संपत्ति को बेचने की कोशिश कर रहा है।
शिकायतकर्ता ने प्रशासन से मांग की है कि सभी आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, साजिश और अन्य प्रासंगिक धाराओं में मामला दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि उनकी मां के अधिकारों की रक्षा हो सके।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button