झुंझुनू
मोरिंडा धाम में आठ दिवसीय भक्तमाल कथा का समापन
आज मंदिर में हवन, भंडारा और मेले का होगा आयोजन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
झुंझुनूं। जिले के चंवरा कस्बे के किशोरपुरा सीमा पर मोरिंडा स्थित पलटू दास अखाड़े के पंचमुखी हनुमान मंदिर में आज प्रातःकाल हवन किया जाएगा। इसके बाद मेले और भंडारे का शुभारंभ होगा। मंगलवार को कथावाचक रामस्वरूप दास महाराज द्वारा राजा मोरध्वज और नानी बाई रो मायरो के वर्णन पश्चात आठ दिवसीय भक्तमाल कथा का समापन किया गया। कथावाचक ने कहा कि भक्तमाल में राजा मोरध्वज और नानी बाई रो मायरो दोनों ही कथाएं भगवान कृष्ण और उनके भक्तों के अटूट प्रेम, समर्पण और परीक्षा का वर्णन करती हैं। दोनों कथाओं का मुख्य उद्देश्य यह दर्शाता है कि भगवान अपने शरणागत भक्त की लाज अवश्य रखते हैं। उन्होंने कहा कि भक्त नरसी की करुण पुकार पर स्वयं भगवान श्रीकृष्ण ने अंजार नगर पहुंचकर नानी बाई के 56 करोड़ का मायरा भरा। इसलिए सभी मनुष्य संतों की शरण में रहकर भगवान की भक्ति अवश्य करें। कठिन समय में परमात्मा किसी न किसी रूप में आपकी मदद जरूर करेंगे। महाआरती के पश्चात उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया। कथा के समापन पर यजमानों और श्रद्धालुओं ने नानी बाई के भात भरा। इस दौरान धाम के महंत रघुनाथ दास महाराज, युवा नेता बाबूलाल सैनी, गजराज सिंह शेखावत, महेश शर्मा, जगदीश प्रसाद शर्मा, सांवरमल सैनी, भरत सिंह, राधेश्याम कुमावत, सांवरमल खटाणा, नत्थूराम सैनी, सांवरमल मीणा, रामावतार ठेकेदार, निवास सैनी, शीशराम रावत, श्रीराम महरानियां, धवल कुमार बिछवाल, गिरधारी रावत, सहित काफी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालु मौजूद रहे।




