गाजियाबाद

ऑफिस में बैठकर निस्तारण, कागजों में सफाई और शिकायतकर्ता संतुष्ट! 

फिर तहसील दिवस में क्यों पहुंचा फरियादी?"

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
लोनी, गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी आईजीआरएस (IGRS) व्यवस्था का उद्देश्य आमजन की शिकायतों का समयबद्ध और निष्पक्ष निस्तारण है, लेकिन लोनी तहसील में एक मामला इस व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्न चिन्ह खड़े कर रहा है।
कांवड़ मार्ग बंद फाटक से लोनी बोर्डर वाले रास्ते पर सीवर लाइन की समस्या को लेकर शिकायतकर्ता ओम शर्मा उर्फ टिल्लू प्रधान ने आईजीआरएस पोर्टल पर अपनी शिकायत संख्या 92614000022608  दर्ज कराई थी। आरोप है कि संबंधित जांच अधिकारी राजकुमार सफाई निरीक्षक ने बिना मौके का निरीक्षण किए ही कार्यालय में बैठकर उक्त शिकायत का निस्तारण कर दिया। इतना ही नहीं, रिपोर्ट में यह भी दर्ज कर दिया गया कि सीवर की सफाई करा दी गई और शिकायतकर्ता पूरी तरह संतुष्ट हैं।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि अगर सीवरों की सफाई वास्तव में हो गई थी और शिकायतकर्ता संतुष्ट था, तो अब वही शिकायतकर्ता तहसील दिवस में अधिकारियों के सामने अपनी गुहार लगाने क्यों पहुंचा? यह सवाल फर्जी जांच आख्या पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा  है।
शिकायतकर्ता ओम शर्मा उर्फ टिल्लू प्रधान का कहना है कि मौके पर आज भी सीवर लाइन की समस्या जस की तस बनी हुई है और आईजीआरएस पर लगाई गई रिपोर्ट पूरी तरह भ्रामक है। इसी के विरोध में उसने तहसील दिवस में प्रार्थना पत्र देकर निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
योगी आदित्यनाथ सरकार लगातार अधिकारियों को शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी निस्तारण के निर्देश देती रही है। बावजूद इसके यदि बिना जांच किए शिकायतकर्ता को “संतुष्ट” दिखाकर फाइलें बंद की जा रही हैं, तो यह न केवल शासन की मंशा पर पानी फेरने जैसा है बल्कि आम जनता के भरोसे को भी कमजोर करता है।
अब देखना यह होगा कि फर्जी जांच रिपोर्ट लगाने वाले अधिकारी पर कार्रवाई होती है या नहीं। या फिर आईजीआरएस की फाइलों में सब कुछ “चमाचम” दिखता रहेगा और शिकायतकर्ता ओम शर्मा उर्फ टिल्लू प्रधान इसी तरह दफ्तरों और तहसील दिवस के चक्कर काटता रहेगा।
फिलहाल जनता के बीच एक ही चर्चा है क्या आईजीआरएस पर शिकायतों का निस्तारण वास्तव में जमीन पर हो रहा है, या सिर्फ कागजों में “सब ठीक है” लिखकर जिम्मेदारियां निभाई जा रही हैं?

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button