सिंगरौली

ई-टोकन व्यवस्था खत्म करने सहित किसानों की समस्याओं को लेकर किसान कांग्रेस सौंपेगी ज्ञापन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

सिंगरौली। किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर मध्यप्रदेश किसान कांग्रेस द्वारा 25 जुलाई को जिला मुख्यालय सिंगरौली में मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। किसान कांग्रेस शहर जिलाध्यक्ष मनोज दुबे ने बताया कि प्रदेश संगठन के निर्देशानुसार किसानों को ई-टोकन प्रणाली में आ रही परेशानियों, खाद की कमी और मूंग खरीदी में अव्यवस्थाओं के विरोध में यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि शनिवार शाम 4 बजे उपखंड अधिकारी सिंगरौली के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर किसानों की समस्याओं के समाधान की मांग की जाएगी। ज्ञापन में ई-टोकन प्रणाली को समाप्त कर सरल एवं पारदर्शी व्यवस्था लागू करने, किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने तथा मूंग फसल की 100 प्रतिशत सरकारी खरीदी सुनिश्चित करने की मांग प्रमुख रूप से शामिल रहेगी।
किसान कांग्रेस ने प्रशासन से मांग की है कि ज्ञापन सौंपने के दौरान कृषि एवं विद्युत विभाग के सक्षम अधिकारी भी उपस्थित रहें, ताकि किसानों की समस्याओं पर चर्चा कर उनका शीघ्र निराकरण किया जा सके। जिलाध्यक्ष मनोज दुबे ने कहा कि किसानों को समय पर खाद, उचित मूल्य और खरीदी व्यवस्था उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिक से अधिक किसानों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button