बेतुल

बैतूल पुलिस पहरे में किसान की खड़ी फसल पर चली जेसीबी

6 दिन से भूख हड़ताल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
आमला। ग्राम कारोपनी में बुधवार को बेदखली कार्रवाई के दौरान तनाव की स्थिति बन गई। एसडीएम कामिनी ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस जवानों की मौजूदगी में राजस्व अमले ने खसरा नंबर 33/5 की जमीन पर किसान मनहोरी यदुवंशी के खेत में खड़ी फसल जेसीबी से हटाई। कार्रवाई की खबर फैलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
मनहोरी यदुवंशी का दावा है कि उनका परिवार तीन पीढ़ियों से इस जमीन पर खेती करता आ रहा है। किसान ने आरोप लगाया कि सीमांकन के दौरान तैयार दस्तावेजों में कब्जे का उल्लेख था, लेकिन अंतिम रिपोर्ट से इसे हटा दिया गया। खेत में बने मकान का उल्लेख नहीं किए जाने का आरोप भी लगाया है। किसान ने पूरे सीमांकन की दोबारा जांच की मांग की है।
छठे दिन भी भूख हड़ताल
बेदखली के विरोध में मनहोरी यदुवंशी छह दिन से भूख हड़ताल पर हैं। उनका कहना है कि भूख हड़ताल के कारण उनकी हालत बिगड़ रही है। उन्होंने भूख हड़ताल स्थल से कलेक्टर को मोबाइल पर मामले की शिकायत कर सीमांकन की जांच की मांग की। मौके पर मौजूद एसडीएम कामिनी ठाकुर से भी मोबाइल पर बातचीत हुई।
किसान परिवार ने खसरा नंबर 33/5 के रिकॉर्ड, सीमांकन रिपोर्ट और मौके की स्थिति की स्वतंत्र जांच कराने तथा जांच पूरी होने तक आगे की कार्रवाई रोकने की मांग की है। कार्रवाई के बाद गांव में दिनभर तनाव बना रहा।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button