साहेबगंज
मंडरो के कस्तूरबा विद्यालय में ‘बेटी बचाओ,बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
साहिबगंज जिले के मंडरो प्रखंड अंतर्गत बालिकाओं की सुरक्षा, शिक्षा,स्वास्थ्य और सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय,मंडरो में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’अभियान के तहत विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।जिला समाज कल्याण पदाधिकारी संजय कुमार दास के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं को बाल अधिकारों,व्यक्तिगत सुरक्षा, आत्मरक्षा और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक किया गया।कार्यक्रम में संरक्षण पदाधिकारी चंदा कुमारी ने छात्राओं को सुरक्षित वातावरण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा,बेहतर स्वास्थ्य और संरक्षण के महत्व से अवगत कराया।उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में साहसपूर्वक सामना करने और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया।इस दौरान छात्राओं को गुड टच-बैड टच, POCSO अधिनियम,बाल विवाह और बाल श्रम निषेध, किशोर न्याय अधिनियम तथा व्यक्तिगत सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।साथ ही सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना,स्पॉन्सरशिप,फोस्टर केयर,आफ्टर केयर,दत्तक ग्रहण, सखी वन स्टॉप सेंटर औरआपातकालीन हेल्पलाइन सेवाओं के बारे में भी बताया गया।छात्राओं को माहवारी स्वच्छता प्रबंधन के प्रति जागरूक करते हुए सैनिटरी पैड वितरित किए गए और नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देकर नशामुक्त जीवन अपनाने का संकल्प दिलाया गया।पर्यावरण संरक्षण और बेटियों के सम्मान का संदेश देते हुए’एक पौधा बेटी के नाम’पहल के तहत पौधारोपण भी किया गया।कार्यक्रम में चाइल्ड हेल्पलाइन के परियोजना समन्वयक मोहम्मद इकबाल,सुपरवाइजर अवधेश कुमार और मंथन संस्था की जूली टुडू सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।



