शामली
ट्रक की टक्कर से ट्रैक्टर-ट्रॉली क्षतिग्रस्त, चालक समेत दो घायल
बिडोली में गुरुद्वारे के पास फ्लाईओवर पर हुआ हादसा, चालक के दोनों पैर टूटे- गंभीर हालत में घायल को करनाल के निजी अस्पताल से किया गया रेफर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
झींझाना । मेरठ-करनाल नेशनल हाईवे पर शुक्रवार तड़के तेज रफ्तार ट्रक ने घास से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि चालक समेत दो लोग घायल हो गए। चालक की हालत गंभीर होने पर उसे करनाल के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया! जानकारी के अनुसार, बिडोली सादात निवासी साजिद पुत्र हमीद और राजेश पुत्र सेवाराम शुक्रवार तड़के करीब चार बजे ट्रैक्टर-ट्रॉली में घास भरकर करनाल मंडी जा रहे थे। जैसे ही वे बिडोली-म्यान कस्बे में गुरुद्वारे के पास फ्लाईओवर के निकट पहुंचे, तभी शामली की ओर से पीछे आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में चालक साजिद गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि राजेश को भी चोटें आईं। बताया गया कि साजिद के दोनों पैरों में फ्रैक्चर हुआ है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राजेश ने फोन कर परिजनों को सूचना दी। इसके बाद परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा घायलों को संभाला सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवाने की कार्रवाई की। गंभीर रूप से घायल साजिद को करनाल के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे रेफर कर दिया। वहीं, राजेश की हालत ठीक बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

