
रामपुर से लेकर गाजियाबाद तक नहीं छोड़ा साथ, रातभर ईडी कार्यालय के बाहर सुबह होने के इंताजर में रहे मौजूद
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
रामपुर सैफनी। अपने पसंदीदा नेता के प्रति समर्थकों का लगाव कई बार अलग अंदाज में सामने आता है। सैफनी के युवा नेता शारिफ खान ने भी आजम खान के प्रति अपनी निष्ठा कुछ इसी अंदाज में जाहिर की। आजम खान के जेल से बाहर आने की सूचना पर शारिफ खान दिनभर रामपुर जेल के बाहर इंतजार करते रहे। इसके बाद जब आजम खान को ईडी की कार्रवाई के सिलसिले में गाजियाबाद ले जाया गया तो वह भी उनके पीछे वहां पहुंच गए।
गाजियाबाद पहुंचने के बाद भी शारिफ खान का इंतजार खत्म नहीं हुआ। उन्होंने पूरी रात ईडी कार्यालय के बाहर गुजारी। अगले दिन आजम खान को न्यायालय में पेश किए जाने के दौरान भी वह आसपास मौजूद रहे। न्यायालय से जिला कारागार पहुंचने तक शारिफ खान ने उनका पीछा नहीं छोड़ा। जेल के बाहर भी वह काफी देर तक आजम खान की एक झलक पाने की आस में डटे रहे।शारिफ खान का यह सफर एक दिन की राजनीतिक सक्रियता से कहीं आगे नजर आया। रामपुर से शुरू हुआ इंतजार गाजियाबाद तक जारी रहा। उनके इस कदम की जानकारी सैफनी पहुंची तो स्थानीय लोगों और समाजवादी कार्यकर्ताओं के बीच इसकी खूब चर्चा हुई। नगर में दिनभर लोग उनके सफर और आजम खान के प्रति लगाव को लेकर बातचीत करते नजर आए।
शारिफ के सफर की सैफनी में चर्चा
आजम खान के प्रति शारिफ खान के इस लगाव ने स्थानीय समाजवादी कार्यकर्ताओं के बीच भी चर्चा छेड़ दी है। नगर के सियासी माहौल में उनके नाम को लेकर दिनभर बातचीत होती रही। समर्थकों के बीच कोई उनके लंबे सफर की चर्चा करता दिखा तो कोई नेता के प्रति उनके व्यक्तिगत जुड़ाव का जिक्र करता रहा। शारिफ खान की गाजियाबाद तक मौजूदगी ने उन्हें स्थानीय राजनीति में चर्चा का नया विषय बना दिया।


