सिंगरौली
चार दिन से गायब युवक की तलाश में लगे गोताखोर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। सरई थाना क्षेत्र अंतर्गत गोरा गांव से एक 23 वर्षीय युवक के लापता होने की घटना ने क्षेत्र में चिंता का माहौल बना दिया है। पुष्पेंद्र साहू नामक युवक बीते रविवार रात से लापता है। परिजनों और स्थानीय लोगों द्वारा खोजबीन किए जाने के बावजूद युवक का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। सूत्रों के अनुसार घटना को लगभग चार से पांच दिन बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस और परिजन युवक की कोई ठोस जानकारी नहीं जुटा सके हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए आज बैढ़न से विशेष गोताखोरों की टीम गोरा गांव पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है।
गोताखोरों द्वारा तालाब और आसपास के जल स्रोतों की गहनता से जांच की जा रही है। सरई थाना पुलिस भी मौके पर मौजूद है और हर संभव प्रयास कर रही है कि युवक का जल्द से जल्द पता लगाया जा सके।
परिजनों और गांववासियों ने प्रशासन से युवक की जल्द बरामदगी की मांग की है। फिलहाल सर्च ऑपरेशन जारी है और पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है।



