
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
पथरगामा : मंगलवार को शारदीय नवरात्रि की अष्टमी तिथि पर पथरगामा बड़ी दुर्गा मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। विशेष रूप से डलिया चढ़ाने को लेकर सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा। मंदिर कमेटी द्वारा डलिया चढ़ाने का समय सुबह 7 बजे से निर्धारित किया गया था, लेकिन उत्साहवश महिलाएं सुबह 6 बजे से ही लाइन में लग गई थीं। देखते ही देखते मंदिर प्रांगण से बाहर तक लंबी कतार लग गई। भीड़ को देखते हुए प्रशासन और मंदिर समिति दोनों की ओर से सख़्त व्यवस्था की गई। मंदिर परिसर में घेराबंदी कर दी गई थी ताकि कोई भी श्रद्धालु माता रानी की प्रतिमा पर जल न चढ़ा सके। पूरी व्यवस्था इस तरह की गई कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। अष्टमी पर दिनभर डलिया चढ़ाने का कार्यक्रम चलता रहा। इस दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी नितेश कुमार गौतम भी सपत्नीक मंदिर पहुंचे और मां दुर्गा के दरबार में माथा टेककर अपने क्षेत्र की शांति, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। वहीं, बारकोप मंदिर में भी बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालुओं ने डलिया अर्पित कर माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त किया।




