
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
जालौन (उरई)। 14 अप्रैल को मनाई जाने बाली संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती को लेकर कोतवाली परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के साथ मिलकर शांति एवं व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विस्तृत चर्चा की।
इस दौरान उप जिलाधिकारी हेमंत पटेल, क्षेत्राधिकारी शैलेंद्र बाजपेई, कोतवाली प्रभारी हरिशंकर चंद्र, क्राइम इंस्पेक्टर विजय कुमार मौर्य, वरिष्ठ उप निरीक्षक संजय यति, चैकी प्रभारी आलोक पाल, कस्बा चैकी प्रभारी मनीष तिवारी सहित ग्राम प्रधान, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि पुनीत मित्तल, मलखान दोहरे, अविनाश सिंह सेंगर समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। बैठक में बताया गया कि अम्बेडकर जयंती पर कुल 23 स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें 3 कार्यक्रम नगर जालौन में तथा 20 कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्रों में संपन्न होंगे। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार का जुलूस निकालने से पूर्व प्रशासन से अनुमति लेना अनिवार्य होगा। उप जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी कार्यक्रम सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में आयोजित किए जाएं तथा आयोजन स्थलों पर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। वहीं क्षेत्राधिकारी ने कार्यक्रम के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी संबंधितों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रशासन ने सभी आयोजकों से आपसी सहयोग और अनुशासन बनाए रखते हुए कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की अपील की है।



