
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा: जिले के परासी गांव से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे अचानक जमीन से लगातार पानी निकलने लगा। इस रहस्यमयी जलस्रोत को देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। स्थानीय लोगों के अनुसार, जिस स्थान से पानी निकल रहा है वहां करीब 35 साल पहले सिंचाई के लिए पाइपलाइन बिछाई गई थी, लेकिन बाद में उस पाइप को निकाल लिया गया था। तब से वहां कोई जलस्रोत नहीं था। ऐसे में अचानक जमीन से पानी फूटना लोगों के लिए आश्चर्य का विषय बन गया है। इस घटना को कई ग्रामीण आस्था से जोड़कर देख रहे हैं। ग्रामीणों का मानना है कि मां गंगा यहां प्रकट हुई हैं। मौके पर पूजा-पाठ शुरू हो गया है। लोग अगरबत्ती जलाकर श्रद्धा प्रकट कर रहे हैं और इस जल को पवित्र मानकर बोतलों और बर्तनों में भरकर घर ले जा रहे हैं। घटना की चर्चा अब पूरे इलाके में फैल गई है। बड़ी संख्या में लोग इस अद्भुत जलस्रोत को देखने पहुंच रहे हैं। हालांकि, इस पानी के निकलने के पीछे वास्तविक कारण क्या है, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। अब लोगों की नजर प्रशासन और संबंधित विभाग पर टिकी है कि इस रहस्यमयी जलस्रोत की जांच कर सच्चाई सामने लाई जाए। फिलहाल परासी गांव में यह घटना आस्था और रहस्य दोनों का केंद्र बनी हुई है।



