
श्रम, राजस्व व पुलिस टीम ने बाजारों में चलाया विशेष अभियान, खुली दुकानों को कराया बंद
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
जालौन। नगर में साप्ताहिक बाजारबंदी का पालन न होने की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद प्रशासन सोमवार को पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आया। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रिंकू सिंह राही के निर्देश पर श्रम विभाग, राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने नगर के प्रमुख बाजारों में विशेष अभियान चलाकर सख्ती से बाजारबंदी लागू कराई। अभियान के चलते सोमवार को नगर में साप्ताहिक बंदी का असर पूरी तरह दिखाई दिया।
बताया गया कि व्यापारियों द्वारा ज्वाइंट मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपकर बाजारबंदी का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने की मांग की गई थी। इसी के बाद प्रशासन ने संयुक्त टीम गठित कर सोमवार को व्यापक अभियान चलाया।
श्रम प्रवर्तन अधिकारी जगदीश वर्मा, प्रभारी तहसीलदार तारा शुक्ला, एसआई अमर सिंह एवं शिवम सेंगर के नेतृत्व में टीम ने शराब ठेका गली, पुरानी नझाई गली, झंडा चौराहा, चुर्खी रोड, कोतवाली रोड, तहसील रोड, कांजी हाउस चौराहा और टाउन क्षेत्र सहित नगर के विभिन्न प्रमुख बाजारों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कई दुकानें खुली मिलीं, जिन्हें तत्काल बंद कराया गया। इतना ही नहीं, चाय और नाश्ते की दुकानें भी खुली मिलने पर प्रशासन ने उन्हें भी बंद करा दिया। अधिकारियों ने दुकानदारों को स्पष्ट चेतावनी दी कि साप्ताहिक बंदी के दिन दुकान खोलने पर भविष्य में सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रिंकू सिंह राही ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार साप्ताहिक बंदी का पालन अनिवार्य है। जो व्यापारी नियमों का उल्लंघन करेंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

