बेतुल
बैतूल कैलाश मानसरोवर की पावन यात्रा पूरी कर बैतूल लौटे शिक्षक हरिराम साहू
परिजनों और शुभचिंतकों ने किया ऐतिहासिक स्वागत

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। भगवान शिव के पावन धाम कैलाश मानसरोवर की कठिन एवं दिव्य यात्रा सफलतापूर्वक पूर्ण कर शंकर नगर, भग्गूढाना निवासी शिक्षक हरिराम साहू एवं उनके छोटे सुपुत्र विक्की साहू के बैतूल लौटने पर परिवारजनों, रिश्तेदारों, मित्रों और शुभचिंतकों ने उनका भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया। श्रद्धालुओं ने पुष्पमालाएं पहनाकर उनका अभिनंदन किया तथा भगवान भोलेनाथ से उनके उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की।
हरिराम साहू धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों में सदैव सक्रिय रहे हैं। वे अब तक बारहों ज्योतिर्लिंगों के दर्शन, चारधाम यात्रा, दो बार भगवा यात्रा तथा एक बार कांवड़ यात्रा श्रद्धापूर्वक पूर्ण कर चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने तीन बार श्रीमद्भागवत कथा एवं एक बार शिव महापुराण कथा का सफल आयोजन भी कराया है, जिससे क्षेत्र में धार्मिक और आध्यात्मिक वातावरण के विस्तार में महत्वपूर्ण योगदान मिला है।
सनातन धर्म में कैलाश मानसरोवर यात्रा को अत्यंत पवित्र एवं दुर्लभ माना जाता है। दुर्गम पर्वतीय मार्गों और कठिन प्राकृतिक परिस्थितियों के बीच इस यात्रा को सफलतापूर्वक संपन्न करना अटूट आस्था, दृढ़ संकल्प और आध्यात्मिक समर्पण का प्रतीक माना जाता है। हरिराम साहू और उनके सुपुत्र विक्की साहू की इस आध्यात्मिक उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं तथा उनके उज्ज्वल, स्वस्थ और सुखमय जीवन की कामना की।



