जालौन
सरकार आपके द्वार अभियान लगी जन चैपाल में एसडीएम ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कालपी (जालौन)। विकास खंड महेबा के ग्राम सरसई में मंगलवार को सरकार आपके द्वार अभियान के अंतर्गत जन चैपाल का आयोजन किया गया। उपजिलाधिकारी मनोज कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित चैपाल में ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए। चैपाल के दौरान एसडीएम ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर विभिन्न सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत परखी। उन्होंने सार्वजनिक वितरण प्रणाली, वृद्धावस्था एवं विधवा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, शौचालय निर्माण समेत अन्य कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ली तथा मौके पर सत्यापन भी कराया।एसडीएम मनोज कुमार सिंह ने किसान सम्मान निधि, फार्मर रजिस्ट्री, विरासत, शादी अनुदान, शिक्षा व्यवस्था तथा आंगनबाड़ी सेवाओं की समीक्षा करते हुए पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी भी दी।इस अवसर पर एसडीओ पंचायत हरेंद्र सिंह सेंगर, एडीओ ग्राम्य विकास प्रमोद स्वर्णकार, ग्राम सचिव वंदना वर्मा, ग्राम प्रधान राजेश कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। चैपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।


