खैरथल
आरजीएचएस में निशुल्क चिकित्सा सुविधा बहाल कराने को लेकर पेंशनर समाज ने तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल। राजस्थान पेंशनर समाज उपशाखा खैरथल द्वारा आज सोमवार को मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में आरजीएचएस योजना के तहत पेंशनरों को अनुमोदित अस्पतालों एवं फार्म स्टोर्स से नियमित रूप से निशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की गई ।
पेंशनर समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि पिछले लंबे समय से पेंशनरों को आरजीएचएस योजना में इलाज एवं दवाइयों को लेकर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई अनुमोदित अस्पतालों एवं मेडिकल स्टोर्स पर निशुल्क सुविधा बाधित होने से बुजुर्ग पेंशनरों को आर्थिक एवं मानसिक परेशानी झेलनी पड़ रही है।
ज्ञापन में सरकार से मांग की गई है कि आरजीएचएस योजना को बीमा मॉडल पर नहीं दिया जाए तथा वर्तमान ओपीडी एवं आईपीडी व्यवस्था को यथावत जारी रखा जाए। साथ ही जिन पेंशनरों ने उपचार के लिए नकद भुगतान किया है, उनकी राशि का पुनर्भरण कराने की भी मांग उठाई गई ।
पेंशनर समाज ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो प्रदेशभर में आंदोलन तेज किया जाएगा। इस मौके पर पेंशनर समाज के अध्यक्ष इंजी.पोहप सिंह यादव, सचिव रघुवीर सिंह जाटव, शिवचरण गुप्ता, कैलाश झालानी, रतन लाल यादव, श्रीमती शीला शर्मा, ओमप्रकाश जोशी, जयकृष्ण कौशिक, रमेश चंद शर्मा, सेवाराम दादाणी, सुभाष गोठवाल, सुरेश बाबू, रमेश चंद शर्मा सहित बड़ी संख्या में उपस्थित रहे !


