कैराना

छात्रा को बहला-फुसलाकर ले जाने और जबरन विवाह कराने का आरोप

युवती ने युवक व उसके परिजनों पर धमकाने और घर पर हमला करने का लगाया आरोप

सुरक्षा की मांग को लेकर कोतवाली पहुंची पीड़िता, कार्रवाई की गुहार
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। क्षेत्र के गांव पंजीठ की एक छात्रा ने हरियाणा निवासी युवक और उसके परिजनों पर बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने, जबरन विवाह प्रमाणपत्र तैयार कराने तथा लगातार धमकाने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और अपनी सुरक्षा की मांग की है।
गांव पंजीठ निवासी युवती ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह 26 मई को कॉलेज में परीक्षा देकर बाहर निकली थी। आरोप है कि इसी दौरान हरियाणा के पानीपत जनपद के थाना सनौली क्षेत्र निवासी एक युवक उसे डरा-धमकाकर अपने साथ ले गया। पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने उस पर मानसिक दबाव बनाया और उसकी इच्छा के विरुद्ध विवाह संबंधी दस्तावेज तैयार कराए। साथ ही उससे कोरे कागजों पर हस्ताक्षर भी कराए गए। युवती ने आरोप लगाया कि उसके बैग में रखे महत्वपूर्ण दस्तावेज भी उससे छीन लिए गए। बाद में उसकी मां द्वारा पुलिस में शिकायत किए जाने पर कैराना पुलिस ने सनौली पुलिस के सहयोग से उसे बरामद किया। इसके बाद वह अपनी इच्छा से अपने परिवार के साथ घर लौट आई। पीड़िता का आरोप है कि घर लौटने के बाद भी आरोपी पक्ष उसे लगातार परेशान कर रहा है। तहरीर में कहा गया है कि युवक, उसके पिता, भाई तथा अन्य लोगों द्वारा उसे जान से मारने और दोबारा उठाकर ले जाने की धमकियां दी जा रही हैं। इतना ही नहीं, आरोपियों ने कथित रूप से उसके घर पहुंचकर हमला भी किया, जिससे परिवार में दहशत का माहौल है। युवती ने पुलिस से अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने, आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा कथित विवाह प्रमाणपत्र को निरस्त कराने की मांग की है।  पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button