खैरथल

बीड़ा क्षेत्र में प्रशासन पर कब्जा हटाने के नाम पर उत्पीड़न का आरोप

किसान ने कलेक्टर से लगाई गुहार 

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल। जिले के उपखण्ड कोटकासिम निवासी ओमप्रकाश पुत्र ताराचंद ने मंगलवार को जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश को ज्ञापन सौंपकर आरोप लगाया कि प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस की मौजूदगी में उनकी पैतृक भूमि पर जबरन कार्रवाई करते हुए कब्जा कर लिया गया। उन्होंने प्रशासन पर उनकी फसल नष्ट करने, दुकान का खोखा तोड़ने और आर्थिक नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाते हुए भूमि पर दोबारा कब्जा दिलाने तथा नुकसान की भरपाई कराने की मांग की है।

ज्ञापन के अनुसार, प्रार्थी ने बताया कि उनके बुजुर्ग वर्ष 1975 से संबंधित भूमि पर कब्जा काश्त करते आ रहे हैं और वर्तमान में भी वह उसी भूमि पर परिवार सहित निवास कर रहे हैं। उन्होंने सड़क किनारे आजीविका चलाने के लिए लोहे का एक छोटा खोखा लगाकर हेलमेट बेचने का कार्य शुरू कर रखा था।
ओमप्रकाश का आरोप है कि 23 जुलाई 2026 को दोपहर करीब साढ़े 12 बजे, जब वह घर पर नहीं थे, तब तहसील प्रशासन, स्थानीय पुलिस और अन्य लोगों के साथ मौके पर पहुंचकर उनका लोहे का खोखा तोड़ दिया गया। उनका कहना है कि खोखे में रखे करीब 20 हजार रुपये कीमत के हेलमेट भी गायब हो गए। इसके अलावा खेत में खड़ी बाजरे की फसल को भी पूरी तरह जोत दिया गया, जिससे करीब 25 हजार रुपये का अतिरिक्त नुकसान हुआ।
प्रार्थी का कहना है कि अधिकारियों ने उन्हें यह कहकर भूमि से बेदखल कर दिया कि क्षेत्र बीड़ा-भिवाड़ी में शामिल होने के कारण अब यह भूमि उनकी नहीं रही। जबकि उनका दावा है कि वह वर्षों से उक्त भूमि पर काबिज हैं और संबंधित भूमि सिवायचक होने के कारण वह नियमित रूप से पेनल्टी भी जमा कराते रहे हैं, जिसकी रसीदें उनके पास मौजूद हैं।
ज्ञापन में ओमप्रकाश ने जिला कलेक्टर से मांग की है कि उनकी भूमि हाल खसरा नंबर 2869/496, रकबा 0.1138 हेक्टेयर से कथित अतिक्रमण हटाकर उन्हें दोबारा कब्जा दिलाया जाए तथा कुल 45 हजार रुपये के नुकसान की भरपाई भी कराई जाए। इस दौरान ओमप्रकाश प्रजापति, राजाराम प्रजापति अध्यक्ष प्रजापति समाज कोटकासिम, जी एल वर्मा अध्यक्ष प्रजापति समाज भिवाड़ी, रामनिवास, रामोतार,नेहरू प्रजापति, नरपाल, नरेश,वेदप्रकाश प्रजापत आदि मौजूद रहे
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button