मथुरा

कोसीकलां में पैमाइश के दौरान हंगामा 

जेसीबी से दीवार तोड़ने पर भड़के लोग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। कोसीकलां के बलदेवगंज में पैतृक संपत्ति पर कब्जे की शिकायत के बाद पैमाइश और कार्रवाई करने पहुंची तहसील की टीम के सामने उस समय हंगामा हो गया। बलदेवगंज निवासी भोजराज शर्मा का कहना है कि वह बलदेवगंज स्थित अपनी पैतृक संपत्ति पर लंबे समय से काबिज हैं। उनका आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले कुछ लोग शिकायतों के माध्यम से उनकी जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। इसी शिकायत के आधार पर मंगलवार शाम नायब तहसीलदार अनमोल गर्ग, लेखपाल प्रियांशु और राजस्व निरीक्षक जगवीर कुंतल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। भोजराज शर्मा ने आरोप लगाया कि राजस्व टीम ने मौके पर सही तरीके से पैमाइश नहीं की। उनका कहना है कि संपत्ति की सीमा को गलत तरीके से निर्धारित करते हुए मकान के सामने स्थित खाली जगह को भी विवादित भूमि में शामिल करने का प्रयास किया गया। इसके बाद टीम ने विवादित दीवार को जेसीबी से हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी। दीवार टूटती देख मौके पर मौजूद लोगों ने विरोध शुरू कर दिया और देखते ही देखते हंगामा खड़ा हो गया। वहीं, दूसरे पक्ष के मुकेश कुमार का आरोप है कि पड़ोसी उनकी संपत्ति पर जबरन कब्जा करने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि अधिकारी शिकायत के आधार पर मौके पर पहुंचे थे और नियमानुसार कार्रवाई कर रहे थे। हंगामे की सूचना पर पुलिसकर्मियों ने मौके पर मौजूद लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद स्थिति सामान्य हुई। नायब तहसीलदार अनमोल गर्ग ने बताया कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायत के आधार पर राजस्व टीम मौके पर पहुंची थी। राजस्व अभिलेखों और मौके की स्थिति के आधार पर कार्रवाई की गई है। उन्होंने गलत पैमाइश करने अथवा किसी पक्ष के साथ पक्षपात करने के आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद बताया।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button