बेतुल

बैतूल साइकिल से 4 धाम-12 ज्योतिर्लिंग की यात्रा, 42 दिन में 3 हजार किमी पार

बैतूल जिले के सोमित यादव और राधेश्याम यादव साइकिल से 20 हजार किमी की यात्रा पर निकले

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
बैतूल। बैतूल जिले के सोमित यादव और राधेश्याम यादव साइकिल से 4 धाम एवं 12 ज्योतिर्लिंग की यात्रा पर निकले हैं। 3 अगस्त को बैतूल से शुरू हुई यात्रा के 42 दिन पूरे हो चुके हैं और दोनों अब तक 3000 किमी से अधिक दूरी तय कर चुके हैं। यात्रा के दौरान वे द्वारिकाधीश धाम सहित ओंकारेश्वर, महाकालेश्वर, सोमनाथ और नागेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन कर चुके हैं। इसके अलावा हरसिद्धि माता, गढ़कालिका माता, मां कालिका, मां अंबिका, मां चन्द्रभागा और कोटेश्वरी माता के दर्शन भी किए हैं।
मध्य प्रदेश और गुजरात की यात्रा पूरी करने के बाद दोनों वर्तमान में महाराष्ट्र के त्र्यंबकेश्वर पहुंच चुके हैं। यहां दर्शन के बाद उनकी अगली मंजिल घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंग है। सोमित यादव पिता मुकेश यादव ग्राम लक्कड़ज़ाम, तहसील भीमपुर और राधेश्याम यादव पिता रमेश यादव ग्राम बड़गी बुजुर्ग, तहसील बैतूल के निवासी हैं।
दोनों युवाओं का कहना है कि यात्रा का उद्देश्य धार्मिक स्थलों के दर्शन के साथ गौ माता को राष्ट्र माता घोषित कराने की भावना को जन-जन तक पहुंचाना और सनातन धर्म, संस्कृति एवं परंपराओं के प्रति लोगों को जागरूक करना है। यात्रा के दौरान अलग-अलग क्षेत्रों में उन्हें लोगों का प्रेम, सहयोग और आशीर्वाद मिल रहा है।
दोनों करीब 20 हजार किमी की यात्रा 18 महीने में पूरी करने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रहे हैं। देश के विभिन्न राज्यों से गुजरते हुए 12 ज्योतिर्लिंग और 4 धाम की यात्रा पूरी करने के साथ वे सनातन संस्कृति, धार्मिक आस्था और गौ माता के प्रति जागरूकता का संदेश पहुंचाएंगे। यात्रा के प्रतिदिन के अपडेट दोनों की इंस्टाग्राम आईडी पर देखे जा सकते हैं।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button