साहेबगंज
अपर समाहर्ता ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण
जरूरतमंद परिवारों के बीच वितरित की खाद्य सामग्री

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
साहिबगंज जिले में गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर एवं बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों को पूरी तत्परता, संवेदनशीलता एवं मानवीय दृष्टिकोण के साथ लगातार संचालित किया जा रहा है।इसी क्रम में अपर समाहर्ता विजय कुमार ने अंचलाधिकारी, साहिबगंज बासुकीनाथ टुडू एवं एनडीआरएफ दल के साथ विभिन्न बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया।इस दौरान घीशु टोला,मकई टोला सहित अन्य प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर बाढ़ की स्थिति,प्रभावित परिवारों की आवश्यकताओं तथा राहत एवं बचाव कार्यों की जमीनी स्थिति का जायजा लिया गया।निरीक्षण के क्रम में बाढ़ प्रभावित एवं जरूरतमंद परिवारों के बीच खाद्य सामग्री का वितरण कर उन्हें तत्काल राहत उपलब्ध कराई गई। प्रशासनिक टीम द्वारा प्रभावित लोगों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी भी ली गई।अपर समाहर्ता विजय कुमार ने मौके पर उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देशित किया कि बाढ़ प्रभावित परिवारों तक राहत सामग्री एवं आवश्यक सेवाओं की उपलब्धता हर हाल में सुनिश्चित की जाए।उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखने, जरूरतमंद लोगों की त्वरित सहायता करने तथा राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं बरतने का निर्देश दिया।उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन बाढ़ प्रभावित परिवारों की सुरक्षा,सहायता एवं सम्मान के साथ उनके साथ खड़ा है।प्रशासन की प्राथमिकता प्रत्येक प्रभावित परिवार तक समय पर राहत पहुंचाना तथा विषम परिस्थितियों में आमजनों को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराना है।जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है तथा राहत एवं बचाव कार्य पूरी तत्परता के साथ जारी है।



