गाजियाबाद
HPCL ट्रांसपोर्टरों का चक्का जाम, एलपीजी आपूर्ति पर संकट

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी, गाजियाबाद : हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) के एलपीजी संचालन से जुड़े मुद्दों को लेकर ऑल यूपी एलपीजी ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन ने आज लोनी प्लांट के बाहर ट्रकों से चक्का जाम किया।
एसोसिएशन ने HPCL प्रबंधन को 22 सितंबर को भेजे गए पत्र में कई गंभीर समस्याओं का समाधान करने के लिए सात दिन का समय दिया था। समय सीमा बीत जाने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने पर परिवहनकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन शुरू किया।
एसोसिएशन अध्यक्ष भंवर सिंह ने बताया कि मुख्य मुद्दों में एलपीजी वाहनों का भीड़-भाड़ वाले शहरों से गुजरना, संकरी और खराब सड़कें, ड्राइवरों के लिए पीने का पानी और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं की कमी, सुरक्षा कैप में अनावश्यक कटौती, ट्रक संचालन समय की अनुमति और नए अनुबंध के तहत टोल टैक्स का बकाया भुगतान शामिल हैं।
परिवहनकर्ताओं का कहना है कि इन समस्याओं से न केवल खर्च बढ़ रहा है बल्कि दुर्घटनाओं और सुरक्षा जोखिमों की संभावना भी बढ़ रही है।
लोनी प्लांट से पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली में एलपीजी की आपूर्ति होती है। चक्का जाम के कारण इन क्षेत्रों में रसोई गैस की कमी की आशंका बढ़ गई है। कई डिस्ट्रीब्यूटर्स पहले ही आपूर्ति प्रभावित होने की चेतावनी दे चुके हैं। परिवहनकर्ताओं ने साफ कहा है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, विरोध जारी रहेगा।



