नगर पालिका आम निर्वाचन में झामुमो ने शेख सेलिना सुल्ताना को दिया समर्थन
JMM extends support to Sheikh Selina Sultana in the municipal general elections

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। नगर परिषद चुनाव को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की नगर समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें नगर परिषद अध्यक्ष पद की प्रत्याशी शेख सेलिना सुल्ताना को समर्थन देने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। बैठक के बाद जानकारी देते हुए झामुमो नगर अध्यक्ष मुकेश सिंह ने बताया कि पार्टी पाकुड़ नगर परिषद चुनाव में सक्रिय भूमिका निभाएगी और शेख सेलिना सुल्ताना की जीत सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतरेंगे। उन्होंने कहा कि भले ही नगर निकाय चुनाव दलगत आधार पर नहीं लड़े जा रहे हैं, लेकिन झामुमो अपनी वैचारिक प्रतिबद्धता और जनहित के मुद्दों के आधार पर इस चुनाव में प्रभावी सहभागिता करेगा। मुकेश सिंह ने आगे कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ चुनावी अभियान में जुटेगा, ताकि शेख सेलिना सुल्ताना को भारी जनसमर्थन दिलाया जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह निर्णय पाकुड़ नगर क्षेत्र में विकास, पारदर्शिता और जनहित को प्राथमिकता देने के उद्देश्य से लिया गया है। झामुमो का मानना है कि शेख सेलिना सुल्ताना के नेतृत्व में पाकुड़ नगर को नई दिशा मिलेगी और आम जनता की समस्याओं का समाधान प्रभावी एवं संवेदनशील तरीके से किया जा सकेगा।


