
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
कालपी (जालौन)। कदौरा थाना क्षेत्र के ग्राम इकौना में एक किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक तौर पर जहर खाकर आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम इकौना निवासी छोटे निषाद (45 वर्ष) पुत्र रामलाल सोमवार को अपने खेत पर रखवाली के लिए गए थे। दोपहर तक घर वापस न लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। पहले उनके 17 वर्षीय पुत्र ने खेत पर जाकर तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। इसके बाद बड़े पुत्र ने खेत पर जाकर देखा तो छोटे निषाद अचेत अवस्था में पड़े मिले।
परिजनों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर कदौरा थाना पुलिस, सीओ कालपी अवधेश सिंह और फॉरेंसिक टीम पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। इसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कदौरा थाना प्रभारी निरीक्षक प्रभात सिंह ने बताया कि किसान की मौत किन परिस्थितियों में हुई है, इसकी गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है।


