अमरोहा
जमीनी विवाद में दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष, वीडियो वायरल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा जनपद के हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के सिहाली जागीर गांव में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों पक्षों को लाठी-डंडों से एक-दूसरे पर हमला करते देखा जा सकता है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन ने मामले का संज्ञान लेते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह विवाद मनौटा चौकी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सिहाली जागीर गांव में मेड़ को लेकर शुरू हुआ था। मामूली कहासुनी देखते ही देखते उग्र हो गई और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों ओर से जमकर मारपीट हुई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई। मनौटा चौकी इंचार्ज प्रमोद कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों पक्षों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह विवाद एक छोटी सी बात से शुरू हुआ था, लेकिन समय रहते समाधान न होने के कारण यह बड़ा रूप ले लिया । फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य बताई जा रही है, जबकि पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।



