
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
साहिबगंज जिला मुख्यालय से महज4-5किलोमीटर दूर साहिबगंज प्रखंड के महादेवगंज चौक से200मीटर आगे मुख्य मार्ग पर बरसात की पहली तेज बारिश ने सड़क की हकीकत सामने ला दी है।गांव को मुख्य मार्ग से जोड़ने वाली यह सड़क पूरी तरह जर्जर होकर दलदल व बड़े-बड़े गड्ढे में तब्दील हो गई है।आगे सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं जिनमें बारिश का पानी भर गया है।इससे गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लग पा रहा है।पैदल चलना भी चुनौती बन गया है,वहीं दोपहिया और चारपहिया वाहनों का गुजरना जान जोखिम में डालने जैसा हो गया है।आए दिन लोग फिसलकर चोटिल हो रहे हैं।स्थानीय लोगों के अनुसार सबसे अधिक दिक्कत स्कूली बच्चों, बुजुर्गों,गर्भवती महिलाओं और गंभीर मरीजों को हो रही है। किसानों,दुकानदारों और दैनिक मजदूरों का आवागमन भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है।ग्रामीणों का आरोप है कि यह सड़क लंबे समय से बदहाल है।सड़क निर्माण और मरम्मत को लेकर कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से शिकायत की गई,लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई। सड़क पर न तो पक्कीकरण है और न ही बारिश के पानी की निकासी के लिए नाली बनी है।इसी कारण हर साल बरसात में यही स्थिति उत्पन्न होती है।ग्रामीणों ने कहा कि चुनाव के समय विकास और बेहतर सड़क का वादा किया जाता है,लेकिन चुनाव खत्म होते ही गांव की समस्याएं भुला दी जाती हैं। इससे लोगों में गहरा आक्रोश है।ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तत्काल सड़क की मरम्मत,जल निकासी की स्थायी व्यवस्था और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने की मांग की है।साथ ही चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे जनहित में चरणबद्ध आंदोलन शुरू करने को विवश होंगे।अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कितनी संवेदनशीलता दिखाता है या ग्रामीणों को फिर से सिर्फ आश्वासन पर ही निर्भर रहना पड़ेगा।



