जालौन

अतिक्रमण पर प्रशासन की सख्ती, कई दुकानों और वाहनों के चालान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

उरई (जालौन)। शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और सड़कों पर बढ़ते अतिक्रमण को हटाने के लिए बुधवार को प्रशासन की संयुक्त टीम ने अभियान चलाया। जिलाधिकारी समीर के निर्देश पर सिटी मजिस्ट्रेट सुशील कुमार, नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी राम अचल कुरील तथा कर अधीक्षक गणेश प्रसाद के नेतृत्व में टीम ने प्रमुख मार्गों का निरीक्षण करते हुए अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की।
अभियान की शुरुआत अंबेडकर चौराहे से की गई। इसके बाद टीम शहीद भगत सिंह चौराहा, घंटाघर होते हुए मौनी बाबा मंदिर मार्ग तक पहुंची। इस दौरान सड़क और फुटपाथ पर दुकान का सामान फैलाकर आवागमन प्रभावित करने वाले दुकानदारों को चेतावनी दी गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले कई दुकानदारों के चालान भी काटे गए। प्रशासन की कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में खलबली मची रही।
वहीं, सड़क किनारे और प्रतिबंधित स्थानों पर बेतरतीब तरीके से खड़े वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। एआरटीओ प्रवर्तन राजेश कुमार ने अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले अनेक वाहनों के चालान काटे। अधिकारियों ने वाहन चालकों और दुकानदारों से सड़क को अवरोधमुक्त रखने तथा निर्धारित स्थान पर ही वाहन खड़े करने की अपील की।
प्रशासन की इस संयुक्त कार्रवाई का उद्देश्य शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था बेहतर करना और आम लोगों के आवागमन को सुगम बनाना बताया गया। अधिकारियों ने संकेत दिया कि सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button