साहेबगंज
वोट बचाओ,देश बचाओ रैली के लिए साहिबगंज से दिल्ली रवाना हुए सैकड़ों कांग्रेसी
बरकत खान ने कहा-वोट ही लोकतंत्र की ताकत

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
साहिबगंज लोकतंत्र संविधान और मताधिकार की रक्षा के संकल्प के साथ कांग्रेस पार्टी द्वारा चलाए जा रहे ‘वोट बचाओ,देश बचाओ’ अभियान के तहत1नवंबर को नई दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित विशाल रैली में शामिल होने के लिए साहिबगंज जिले से सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता शुक्रवार को दिल्ली के लिए रवाना हुए।जिला अध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि बरकत खान के नेतृत्व में सभी कार्यकर्ता ट्रेन से दिल्ली के लिए रवाना हुए, दिल्ली रवाना होने से पूर्व रेलवे स्टेशन परकार्यकर्ताओं में खासा उत्साह और जोश देखने को मिला।कार्यकर्ताओं ने हाथों में तिरंगा और कांग्रेस के झंडे लेकर लोकतंत्र बचाओ के नारे लगाए।इस अवसर पर जिला अध्यक्ष बरकत खान ने कहा कि लोकतंत्र हमारे देश की सबसे बड़ी ताकत है और मतदान का अधिकार प्रत्येक नागरिक की सबसे महत्वपूर्ण आवाज है।उन्होंने आगे कहा की लोकतंत्र केवल एक शासन व्यवस्था नहीं,बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक के अधिकार,सम्मान और स्वतंत्रता का आधार है।हमारा वोट हमारी ताकत है और इस ताकत की रक्षा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।उन्होंने कहा कि आज लोकतांत्रिक संस्थाओं,संविधान और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया की मजबूती के लिए एकजुट होकर आवाज उठाने की आवश्यकता है।राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रहा‘वोट बचाओ,देश बचाओ’अभियान देश के लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिकों के मताधिकार की रक्षा का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।बरकत खान ने कहा कि साहिबगंज से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं का दिल्ली रवाना होना इस बात का प्रमाण है कि जिले के कार्यकर्ता लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ खड़े हैं,यह सफर साहिबगंज से दिल्ली तक संगठनात्मक एकजुटता और लोकतंत्र के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश लेकर जा रहा है।उन्होंने पार्टी एवं महागठबंधन के सभी पदाधिकारियों,प्रखंड एवं पंचायत स्तर के कार्यकर्ताओं और जागरूक नागरिकों से इस अभियान को मजबूत बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा केवल किसी एक दल की जिम्मेदारी नहीं,बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।



